पानीपत। सनौली खुर्द गांव में घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी करने वाले एक युवक के घर पर बुधवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता करनाल की टीम ने छापामारी की। इस कार्रवाई में टीम को मौके से 40 गैस सिलिंडर बरामद हुए। इनमें से 20 सिलिंडर खाली और 20 भरे हुए थे। युवक से इन गैस सिलिंडरों के दस्तावेज या परमिट मांगा गया तो वह उपलब्ध नहीं करा पाया। इसके बाद टीम ने सिलिंडरों को जब्त कर युवक के खिलाफ सनौली थाने में शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज किया है।
बताया गया कि युवक रोजाना गैस की गाड़ी अपने निवास स्थान के पास रुकवाता था। एजेंसी से सीधे तौर पर भी सिलिंडरों की खरीद करता था। टीम ने जांच पड़ताल के बाद मामले की शिकायत सनौली पुलिस को देकर कार्रवाई की सिफारिश की गई। इस कार्रवाई में सीएम फ्लाइंग की टीम ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को भी साथ लिया था। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के उप निरीक्षक राज सिंह ने बताया कि सनौली खुर्द में गैस की कालाबाजारी की सूचना पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के उप निरीक्षक विनोद कुमार और सुशील कुमार के साथ गांव में विपिन त्यागी पुत्र कृष्ण त्यागी के घर पर छापामारी की। निरीक्षण के दौरान विपिन त्यागी के घर से इंडेन और एचपी गैस के 20 खाली और 20 भरे हुए सील बंद सिलिंडर मिले। सिलिंडरों के रखने की अनुमति वह नहीं दिखा सका। बरामद गैस सिलिंडर सनौली थाने के उप निरीक्षक कर्मबीर सिंह के हवाले कर दिए गए। विपिन के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।