पानीपत। एक बार फिर से शहर की सड़कों पर दौड़ने वाले ओवरलोडेड वाहनों पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने आरटीए पानीपत की टीम के साथ मिलकर शनिवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने नियमों की अवहेलना करके चलने वाले वाहनों की जांच की। इस दौरान कुल 13 छोटे-बडे़ वाहनों के दस्तावेजों में अनियमितताएं मिलने पर उनके चालान किए गए। इन पर संयुक्त टीम ने 1,69,500 रुपये का चालान किया। दिन पहले भी सीएम फ्लाइंग और आरटीए टीम ने शहर की सड़कों पर चलने वाले ओवरलोडेड वाहनों की जांच की थी। जिसमें 24 वाहनों पर 4.19 लाख रुपये का जुर्माना ठोका गया था। टीम में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता करनाल से निरीक्षक बलीराम, उप निरीक्षक अतर सिंह समेत आरटीए के मोटर वाहन अधिकारी राजेश मलिक शामिल रहे।