पानीपत। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता करनाल की टीम ने आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ सौंधापुर के पास बिंझौल रोड पर एक शराब के अवैध ठेके पर छापामारी की। मौके पर शराब कारिंदे के पास से देसी शराब की चार बोतलें, 31 अद्धे और 75 पव्वे मिले। शराब बेचने वाले की पहचान बलेराम निवासी सौंधापुर के रूप में हुई। आरोपी ने बताया कि कश्यप कॉलोनी निवासी धर्मबीर उसे शराब बेचने के लिए देकर जाता है। जिसके बदले वह उसे छह हजार रुपये प्रतिमाह की तनख्वाह देता है। इसके बाद टीम ने शराब समेत कारिंदे को मॉडल टाउन पुलिस के हवाले कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। टीम ने बताया कि आरोपी दुकान में लोहे का जाल लगवाए हुए था, ताकि कोई बाहरी आदमी सीधे दुकान में न जा सके और देखने में शराब की यह दुकान परमिट वाली लगे। इस कार्रवाई में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम से उप निरीक्षक राज सिंह और आबकारी विभाग से निरीक्षक छोटू राम शामिल रहे।