पानीपत। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता करनाल की टीम ने बुधवार को वार्ड 18 की धानक बस्ती के राशन डिपो का औचक निरीक्षण किया। यहां दो डिपो धारकों की सप्लाई अटैच पाई गई लेकिन डिपो होल्डर का स्टॉक सही मिला। टीम ने रोहित कुमार निवासी धानक बस्ती आठ मरला के डिपो होल्डर द्वारा अनियमितता बरते जाने की गुप्त सूचना के आधार पर औचक निरीक्षण किया। जिसमें इस डिपो होल्डर पर हरीश कुमार और प्रदीप कुमार के डिपो होल्डरों की सप्लाई अटैच होनी पाई गई। भौतिक निरीक्षण के दौरान डिपो होल्डर का स्टाक दुरुस्त मिला। चेकिंग में मुख्यमंत्री उड़न दस्ता करनाल से निरीक्षक बलीराम, सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार समेत गुप्तचर विभाग से उप निरीक्षक अतर सिंह और सहायक उपनिरीक्षक सुरेश कुमार के साथ खाद्य एंव आपूर्ति विभाग से निरीक्षक भूपेंद्र सिंह और उप निरीक्षक विनोद कुमार शामिल रहे।