पानीपत। थाना किला पुलिस ने गांव राजाखेड़ी राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों की स्कूल फीस के 22.19 लाख रुपये के गबन के मामले में मंगलवार को आरोपी क्लर्क को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने साथ ही रकम की रिकवरी करने का प्रयास करेगी।
थाना किला प्रभारी सब इंस्पेक्टर महाबीर सिंह ने बताया कि थाना किला में गांव राजाखेड़ी राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्रिंसिपल सुमित्रा ने शिकायत देकर बताया था कि कपिल निवासी उगालन गांव, हिसार फिलहाल कैलाश नगर, कुरुक्षेत्र में रहता है। वह छह फरवरी 2020 से स्कूल में बतौर लिपिक कार्यरत है। क्लर्क कपिल वर्तमान में जिला निर्वाचन कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत है। क्लर्क की जिम्मेदारी कक्षा इंचार्ज द्वारा विद्यार्थियों से ली गई फीस को इकट्ठा कर स्कूल के बचत खाता में जमा कराना है। जुलाई 2021 से जुलाई 2023 तक करीब 29.69 लाख रुपये क्लर्क कपिल द्वारा खाता में जमा नहीं कराए। इसके बाद 16 नवंबर 2023 को क्लर्क कपिल ने 7.50 लाख रुपये जमा करवा दिए। उन्होंने 21 फरवरी 2024 को आदेश पुस्तिका के माध्यम से स्थिति स्पष्ट करने के लिए क्लर्क से जवाब मांगा। लिपिक कपिल ने बकाया कि 22.19 लाख रुपये अभी तक जमा नहीं करवाए। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिपिक कपिल की धरपकड़ शुरू कर दी थी।