पानीपत। तहसील कैंप के पटेल नगर में गुरुद्वारा भाई लालो जी सिंह सभा ने रविवार को गुरुनानक देव के 554वें प्रकाश उत्सव पर वार्षिक आलौकिक नगर कीर्तन का आयोजन किया। इसमें तहसील टाउन की प्रमुख धार्मिक एक सामाजिक संस्थाओं ने भाग लिया। प्रभातफेरी में गुरुद्वारा भाई लालो जी, गुरुद्वारा श्री गुरुनानक द्वारा, श्री राम मंदिर, श्री हनुमान मंदिर फतेहपुरी चौक, गुरुद्वारा माया देवी जी, गुरुद्वारा फतेहपुरी, गुरुद्वारा बंदा सिंह बहादर, गुरुद्वारा कलगीधर सिंह सभा, श्री हनुमान मंदिर पटेल नगर, प्रेम मंदिर पटेल नगर, प्राचीन शिव मंदिर, राम नगर, प्रेम मंदिर पटेल नगर, गुरुद्वारा भाई केसर सिंह, गुरुद्वारा राम गड़िया सिंह सभा, स्त्री सत्संग सभा गुरुद्वारा भाई लालो जी, गुरुद्वारा गुरु अर्जुन देव जी की प्रभात फेरियां शामिल हुईं। श्री गुरुग्रंथ साहिब की छत्रछाया में निकाले गए इस नगर कीर्तन की अगुवाई पांच प्यारों ने की। नगर कीर्तन भाई लालो जी चौक पटेल नगर से सुबह सात बजे आरंभ होकर तहसील कैंप के मुख्य मार्गाें फतेहपुरी चौक, जट्टू चौक, भूल भुलैया चौक, भावना चौक, दुष्यंत नगर, अशोक नगर, न्यू रमेश नगर, जवाहर नगर, भगत नगर और ग्रीन पार्क से होते हुए दोपहर लगभग एक बजे गुरुद्वारा भाई लालो जी में संपन्न हुआ । नगर कीर्तन के रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने लंगर के स्टाल लगाए थे। नगर कीर्तन की समाप्ति पर गुरुद्वारा भाई लालो जी में लंगर लगाया गया। कौमी एकता के प्रतीक इस नगर कीर्तन का उद्देश्य गुरुनानक देव के उन उपदेशों को याद दिलाना था, जिसमें उन्होंने समस्त मानव जाति को एक ईश्वर की संतान बताते हुए सच की कमाई करने पर बल दिया था। वे निर्भीक एवं मानवता के सच्चे संत थे, जिन्होंने बेईमानी, घूसखोरी, पाखंड और शोषण के खिलाफ आवाज उठाई थी। गुरु जी के उपदेश विश्व शांति और सांप्रदायिक सद्भावना के लिए हमेशा सार्थक रहेंगे। इस मौके पर बलदेव सिंह, अवतार सिंह, हरविंद्र सिंह, कुलदीप सिंह, अमर सिंह, जसविंद्र सिंह, लखविंद्र सिंह, तेज प्रताप सिंह, भूपेंद्र सिंह, बलबीर सिंह व कुलजिंदर सिंह मौजूद रहे।