समालखा। शहर में एक दिन पहले वीरवार को हुई बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं पानी निकासी को लेकर शहर की जनता परेशान रही। समालखा की सभी गलियों व सड़कों पर पानी भरा रहा। जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं समालखा के जीटी रोड पर कई जगह पानी भरा रहा दिखा। निकासी न होने से पानी सड़कों पर जमा रहा। डीपीएस स्कूल के नजदीक भारी बारिश की वजह से सड़क में गहरा गड्ढा हो गया है। जिसमें किसी भी समय कोई भी हादसा हो सकता था। चूंकि सर्विस लेन पर आसपास के दर्जनों गांवों में ग्रामीणों का आना जाना व स्कूल बस आदि गुजरते हैं। गनीमत रही की कोई हादसा नहीं हुआ। संबंधित विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई। इसको लेकर आसपास के ग्रामीणों में काफी रोष देखने को मिला। ग्रामीण सूरजमल, अनिल ड्राइवर, सुनील, अंकित, सूरजभान व देवेंद्र आदि ने बताया कि सर्विस लेन पर इस तरह से गहरा गड्ढा हो जाएगा उन्होंने कभी सोचा नहीं था। इससे कोई भी हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस तरह के गड्ढों को चेक करके उन्हें तुरंत ठीक किया जाए। ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार का कोई हादसा न हो। सर्विस लेन पर गौक्कर पेट्रोल पंप से लेकर जमना पेट्रोल पंप तक करीब दो किलोमीटर कोई निकासी नहीं है। जिससे यहां पानी भरा रहता है।