पानीपत। नया बस स्टैंड शुरू होने के 15 दिनों बाद यात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाएं चालू हो गई हैं। दो वॉटर कूलर और एक प्याऊ चालू होने से यात्रियों को बस स्टैंड पर पानी के लिए नहीं भटकना पड़ेगा। दो शौचालय चालू होने से खासकर महिला यात्रियों काे काफी राहत मिली हैं। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर बस स्टैंड पर अब 27 सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। सिटी बस सेवा को लेकर महाप्रबंधक कुलदीप जांगड़ा भी एक्शन मोड में आ गए है। उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर चालक जगरूप और परिचालक जसबीर को निलंबित कर दिया है। अन्य कर्मचारियों को भी ड्यूटी में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई है। हर 20 मिनट में यात्रियों को सिटी बस मुहैया कराने का निर्देश है।
18 जुलाई को सिवाह गांव में नए बस स्टैंड का उद्घाटन हुआ था। आधी-अधूरी तैयारियों के साथ बस स्टैंड का उद्घाटन होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं बड़ी संख्या में यात्री समय पर सिटी बस न मिलने की शिकायतें पानीपत डिपो के कर्मचारियों से कर रहे थे। इन्हीं शिकायतों के आधार पर बुधवार को डिपो महाप्रबंधक ने टीम भेजकर चेकिंग अभियान चलाया। दोपहर दो से रात 10 बजे वाली शिफ्ट की एक सिटी बस रूट से गैर-हाजिर मिली तो तलाश शुरू हुई। बस पुराने अड्डे पर वर्कशॉप में मिली तो ड्यूटी इंचार्ज से बस का एंट्री टाइम पता कराया। चालक-परिचालक के ढाई घंटे पहले शाम साढ़े सात बजे बस खड़ी करके जाने का खुलासा हुआ तो जीएम ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई कर दी। बृहस्पतिवार को भी टीम ने दिनभर चेकिंग अभियान चलाया।
नए बस स्टैंड के उद्घाटन के समय केवल एक ही गेट था। अब इन और आउट के लिए सिवाह गांव की तरफ एक नया गेट खोल दिया गया है, जिससे अंडरपास की तरफ जाने वाली बसों को गलत साइड नहीं चलना पड़ता। वहीं हाइटेंशन पोल के पास बनने वाले गेट के लिए अभी रोडवेजकर्मियों को और इंतजार करना पड़ेगा। वाई शेप में बस स्टैंड परिसर में इन और आउट सर्विस चालू होने से बसों के राॅन्ग साइड चलाने की समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी।
नए बस स्टैंड पर 18 बूथ बने हैं, लेकिन अभी तक इन बूथों पर रूट बोर्ड नहीं लगे हैं। फिलहाल चालक बस को सीधा स्टैंड कर्मचारियों के सामने लाकर खड़ी कर देते हैं। बस से उतरते ही यात्री पूछताछ खिड़की तलाशते हैं, लेकिन वहां कर्मचारी नहीं मिलते। फिर कभी कर्मचारियों से तो कभी यात्रियाें से अपने गंतव्य की ओर जाने वाली बस के बारे में पूछताछ करते हैं। कर्मचारी उन्हें खड़े रहकर इंतजार करने का जवाब देते हैं। फिर डिपो परिसर में खड़े होकर कर्मचारी बसों की रूट प्लेट देखकर उनके गंतव्य की ओर जाने वाली बसें खोजते हैं।
यात्रियों को परेशानी न हो, इसलिए चालक-परिचालकों को नियमित रूप से नए बस स्टैंड से सिवाह तक बस चलाने के निर्देश दिए गए हैं। अगर यात्रियों को सिटी बस समय पर नहीं मिल रही तो डिपो कर्मचारियों को शिकायत दें। जांच होगी। अगर कर्मचारी की लापरवाही मिलती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- कुलदीप जांगड़ा, महाप्रबंधक रोडवेज डिपो पानीपत