पानीपत। शराब ठेके पर लूट का प्रयास कर भागे बदमाशों को पकड़ने पहुंची सीआईए-2 की टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया। गंडासी लेकर बदमाश पुलिसकर्मियों पर टूट पड़े। एक हवलदार के सिर पर गंडासी मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हवलदार को मॉडल टाउन स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीआईए-2 प्रभारी एक अन्य टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी फरार है। उसकी धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।
सीआईए-2 के सिपाही जगदीप सिंह ने बताया कि बुधवार को उनकी ड्यूटी पंचायत चुनाव में थी। ड्यूटी के बाद हरिनगर के पास गश्त कर रहे थे। उनके साथ सिपाही निशांत और हवलदार मदन भी थे। उनको सूचना मिली कि कच्ची फाटक रोड पर एक शराब ठेके को लूटने के लिए कुछ बदमाश घुसे हैं। मौके पर पहुंचे तो भीड़ लगी थी। बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे भाग गए। इस पर टीम बदमाशों को पकड़ने के लिए उनके पीछे गई।
रात साढ़े 10 बजे गैस गोदाम के पास एक बाइक पर चार युवक आते दिखाई दिए। जब युवकों को रोक कर कहां से आने की बात पूछी गई तो चारों एक एक दूसरे से बोले कि पहले इन पुलिसवालों को ही देखते हैं। इस पर पुलिस टीम ने चारों बदमाशों को घेर लिया। एक बदमाश विशाल ने अपने साथी अजीत को कहा कि इनको गोली मार दो। इस पर अजीत ने हवलदार मदन पर पिस्तौल तान दी। उन्होंने और सिपाही निशांत युवकों को पकड़ने की कोशिश की तो एक अन्य बदमाश ने पीछे से सिपाही मदन के सिर पर गंडासी मार दी। मदन सड़क पर गिर गया। वे मदन को संभालने के लिए दौड़े तो चारों बदमाश बाइक छोड़कर फरार हो गए। लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद सीआईए-2 प्रभारी विरेंद्र को घटना की सूचना देकर मदन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल हवलदार मदन बयान देने की हालत में नहीं है।
ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया थाने की पुलिस को सूचना दी गई और सीआईए एवं पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। इसके बाद जींद स्थित सफीदो के गांव खांडा खेड़ी निवासी शहनवाज, पानीपत के कुलदीप नगर निवासी अजीत और अर्जुन नगर निवासी विशाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी रामस्वरूप चौक निवासी मोबिन फरार है।