पानीपत। हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी नवंबर में होने वाली सीईटी परीक्षा को लेकर सभी जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक की। आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सीईटी परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं होनी चाहिए। इसके साथ ही कानून व्यवस्था भी उचित होनी चाहिए।
उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि पांच एवं छह नवंबर को सीईटी परीक्षा ली जानी है, जिसके तहत जिले में 80 परीक्षा केंद्रों की सूची बनाकर आयोग के पास भेज दी गई है। इन परीक्षा केंद्रों में करीब 26 हजार परीक्षार्थी परीक्षा दे सकेंगे। महिलाओं एवं दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए उनके गृह जिले या आसपास के नजदीकी जिले में ही परीक्षा सेंटर दिया जाएगा। इस अवसर पर सीइओ जिला परिषद विवेक चौधरी, सीटीएम राजेश सोनी, डीएसपी संदीप सिंह, जीएम रोडवेज कुलदीप सिंह, डीईईओ बृजमोहन गोयल सहित सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद