संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। जिला प्रशासन ने चुलकाना धाम को भी पर्यटक स्थल के तौर पर विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। 20 मार्च को प्राचीन श्रीश्याम बाबा के मंदिर में आयोजित होने वाले फाल्गुन उत्सव में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल स्वयं चुलकाना धाम पहुंच रहे हैं। ये जानकारी जिला उपायुक्त वीरेंद्र दहिया ने दी है।
उन्होंने बताया कि इसी संदर्भ में सांसद संजय भाटिया, पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज और पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने शनिवार को चुलकाना धाम का दौरा कर ग्राम पंचायत व ग्रामीणों से चुलकाना धाम के विकास को लेकर चर्चा की। जिला उपायुक्त दहिया ने महाभारत कालीन श्रीश्याम बाबा की नगरी चुलकाना धाम को गोद लेकर कायाकल्प करने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया।
डीसी ने चुलकाना धाम की ओर आने वाले सभी रास्तों को चौड़ा करके लाइट लगवाने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जिस तरह माता मनसा देवी मंदिर की मान्यता है, उसी तरह चुलकाना के श्री श्याम मंदिर की आस्था भी बढ़ रही है। दहिया ने श्रीश्याम बाबा की महाभारत काल से जुड़ी कहानी सुनाते हुए बताया कि बर्बरिक ने चुलकाना में ही शीश का दान दिया था। इस उपलक्ष्य में यहां हर साल श्रीश्याम फाल्गुन उत्सव मनाया जाता है।
फाल्गुन मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो इसके लिए पार्किंग की उचित व्यवस्था की जाएगी। चुलकाना धाम में चारों तरफ शौचालय बनाए जाएंगे। पुलिस प्रशासन मेले पर सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा। भक्तों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएंगी। सांसद संजय भाटिया व डीसी वीरेंद्र दहिया ने श्री श्याम बाबा के दर्शन करने के बाद श्री लकीसर बाबा के दर्शन किए। श्री लकीसर बाबा मंदिर में आने वाले रास्तों को चौड़ा करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, जिला परिषद चेयरपर्सन ज्योति शर्मा, भाजपा नेता शशिकांत कौशिक, जिला महामंत्री कृष्ण छौक्कर, राजकुमार कालीरामणा, चुलकाना सरपंच सतीश छौक्कर, जिला पार्षद सुंदर छौक्कर व श्री श्याम मंदिर कमेटी प्रधान रौशन लाल छौक्कर मौजूद रहे।