पानीपत। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को सरकार की विभिन्न योजनाओं के पात्रों को प्रदेश स्तरीय समारोह में पानीपत में योजनाओं का लाभ देंगे। यहां करीब छह हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। अनाज मंडी स्थित आयोजन स्थल पर सुविधा को देखते हुए पंडाल में छह सेक्टर बनाए हैं। प्रशासन ने सीएम की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए धारा 144 लगा दी है और उनके एक हजार मीटर के दायरे में रेड जोन घोषित किया गया है।
पानीपत की अनाज मंडी में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दोपहर बाद पौने एक बजे एनएफएल स्थित हैलीपेड पर पहुंचेंगे। वे एक से दो बजे विभिन्न कार्यक्रमों में व्यस्त रहेंगे और यहां रेस्ट हाउस में बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री दो बजे अनाज मंडी स्थित प्रदेश स्तरीय समारोह में पहुंचेंगे। यहां महात्मा गांधी ग्रामीण आवास योजना के तहत पात्रों को सरकारी सहायता के सर्टिफिकेट बांटेंगे। इसके साथ नए पेंशन धारकों और डॉ. बीआर आंबेडकर आवास नवीन कल्याण योजना के लाभार्थियों को लाभ देंगे। यहां योजनाओं के प्रदेशभर से पात्र पहुचेंगे। सीएम यहां करीब डेढ़ घंटे रहेंगे। वे इसके बाद पानीपत से चंडीगढ़ रवाना होंगे।
बॉक्स
ड्रोन उड़ाने पर रहेगी प्रतिबंध
जिलाधीश एवं उपायुक्त डाॅ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि 30 जून रविवार को पानीपत में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्यातिथि होंगे। उनकी सुरक्षा के मद्देनजर दंड प्रक्रिया नियमावली 1973 की धारा 144 के तहत आदेश जारी किए हैं। आदेशानुसार मुख्यमंत्री के आगमन स्थल के एक हजार मीटर के दायरे में अस्थायी तौर पर रेड जोन घोषित किया गया है। किसी भी प्रकार के मानव रहित उड़ने वाले वाहन (ड्रोन इत्यादि) उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। इसमें धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
बॉक्स
सीएम के दौरे को लेकर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर विभिन्न अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। आदेशानुसार जिला परिषद के सीईओ गौरव कुमार कार्यक्रम स्थल, लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में कार्यकारी अभियंता सवित पन्नु, एनएफएल स्थित कालंदी गेस्ट हाउस में तहसीलदार वीरेंद्र कुमार, क्रू मैंबर के साथ नायब तहसीलदार मतलौडा अलिल कुमार, कारकेड के साथ नायब तहसीलदार इसराना सौरव शर्मा और एनएफएल हैलीपेड पर नायब तहसीलदार पानीपत अस्तीत्व पारशर ड्यूटी मजिस्ट्रेट रहेंगे। अतिरिक्त उपायुक्त ओवरऑल इंचार्ज होंगे।