पानीपत। ठगों ने विज्ञापन की एलईडी डिस्प्ले लगाने वाले कर्मी को अंबाला आर्मी कैंट में काम देने का झांसा देकर देकर उससे 1.90 लाख रुपये की ठगी कर ली। कर्मी ने इसकी शिकायत साइबर अपराध थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुताना गांव निवासी नवीन कुमार ने बताया कि वह विज्ञापन की एलईडी डिस्प्ले लगाने का काम करता है। 27 जून को उसके पास एक कॉल आई। कॉलकर्ता ने उसे कहा कि वह अंबाला के आर्मी मुख्यालय से बात कर रहा है। उनको मुख्यालय में डिस्प्ले लाइट लगवानी है। इसके लिए उनसे डील फाइनल हो गई। फिर उन्होंने पेमेंट मोड के बारे में बातचीत की। कॉलकर्ता ने उसे कहा कि वह उसकी अपने लेखाकार से बात कराता है। फिर उसको कहा गया कि खाता नंबर कंफर्म करने के लिए उनके पास कुछ पैसे भेज दो। उसने 10 रुपये भेज दिए। इसके बाद उसके खाते से 1.90 लाख रुपये निकाल लिए गए।