पानीपत। साइबर ठग अब आम लोगों को ही नहीं बल्कि बैंक कर्मचारियों को भी अपना निशाना बना रहे हैं। एक ऐसा ही मामला सामने आया है जिसमें साइबर ठगोें ने एक बैंक की हेड कैशियर को ही ठग लिया। उनके फोन पर फोन कर खुद को दूसरे बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग से बताया। मोबाइल एप्लीकेशन से कुछ स्टेप करवाए और 1.82 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित हैड कैशियर ने इसकी शिकायत साइबर हेल्पलाइन के साथ थाना पुलिस को भी दी है। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना साइबर अपराध पुलिस को आठ मरला कॉलोनी निवासी रपिंद्र कौर ने बताया कि वह पंजाब एंड सिंध बैंक में बतौर हैड कैशियर है। तीन सितंबर को उसके मोबाइल पर एक नंबर से फोन आया। उसने कहा कि वह एसबीआई के क्रेडिट कार्ड विभाग से बोल रहा है। उनका क्रेडिट कार्ड एक्टिव करने वाली मोबाइल एप्लीकेशन को खोलने के लिए कहा और कुछ दिशा-निर्देश दिए ताकि उन्हें 499 रुपये का वार्षिक चार्ज न देना पड़े। उसके बाद ठग के कहे अनुसार एक से दो स्टेप किए लेकिन उसके बाद उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया। उसके कुछ देर बाद उनके एसबीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से स्वतः ही दो अलग-2 ट्रांजेक्शन हुई। जिसमें 81,959/- और 99,950 रुपये ऑनलाइन कट गए। इस संबंध में उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर काॅल कर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने कहा कि किसी अज्ञात महिला ने एसबीआई बैंक का कर्मचारी बनकर उनके साथ 1,81,909 रुपये की धोखाधड़ी की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।