पानीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा के दौरान बोर्ड और शिक्षा विभाग के नकल रोकने के दावे बुधवार को भी फेल साबित हुए। 12वीं की अंग्रेजी के पेपर में गांवों ही नहीं शहर के केंद्रों पर भी जमकर नकल चली। केंद्रों के बाहर नकल कराने वालों का जमावड़ा लगा रहा। केंद्रों की दीवारों पर बाहरी लोग किताबों को लेकर खड़े रहे।
हरियाणा शिक्षा बोर्ड की 12वीं अंग्रेजी का 72 केंद्रों पर परीक्षा हुई। हरियाणा शिक्षा बोर्ड के 27 हजार और सीबीएसई के 12985 छात्रों ने परीक्षा दी। उड़नदस्तों ने गांव अलूपुर नैन व श्री गुरु रामदास स्कूल में दो परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा। बाकी सभी जगहों पर परीक्षा शांतिपूर्वक रही। भिवानी बोर्ड की ओर से गठित टीमों ने केंद्रों का निरीक्षण किया है। अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी प्रश्नों को देखकर परेशान रहे। छात्रों के अनुसार प्रश्न पत्र बेहद मुश्किल था। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों पर उड़नदस्तों की भी नजर रही। पुलिस की टीमों ने सादे कपड़ों में गश्त की और परीक्षा केंद्रों में ड्यूटी दे रहे अध्यापकों पर भी नजर रखी।
बॉक्स
ग्रामीण क्षेत्रों में खूब चल रही नकल
शहरी क्षेत्रों की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में जमकर नकल चल रही है। परीक्षार्थियों को नकल कराने वाले युवक स्कूलों की छत व दीवारों पर चढ़ कर खिड़कियों से नकल फेंक रहे हैं। केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से पहले ही ये शरारती तत्व अपनी तैयारी पूरी कर लेते हैं। केंद्रों पर सुरक्षाकर्मियों की कमी का ये पूरा फायदा उठा रहे हैं और शिक्षा बोर्ड के मुस्तैदी के दावों की पोल भी खोल रहे हैं।
वर्जन :
नकल रोकने के व्यापक प्रबंध
परीक्षा केंद्रों में नकल रोकने के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उड़नदस्तों ने केंद्रों का निरीक्षण किया। नकल करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
कुलदीप सिंह दहिया, जिला शिक्षा अधिकारी