पानीपत। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम की सफाई शाखा के अधिकारियों ने शहर के बाजारों में अभियान चलाया। इस दौरान पांच दुकानदारों के 500-500 रुपये के चालान किए गए। वहीं, दुकानों से मिलने वाली प्लास्टिक को जब्त किया गया। टीम ने बाकी दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ा। टीम ने कहा कि बृहस्पतिवार को नियमित तौर पर अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों को नहीं बख्शा जाएगा। अगर कोई दुकानदार प्लास्टिक का इस्तेमाल करता मिला तो उस पर 25000 रुपये तक का जुर्माना ठोका जाएगा। सफाई निरीक्षक राकेश कुमार ने कहा कि निगम के उच्चाधिकारियों के निर्देशों पर अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में निगम की सफाई शाखा से निरीक्षक रिंकू शर्मा, विकास नरवाल, राकेश कुमार और परमजीत शामिल रहे।