समालखा। नगरपालिका में अधिकारियों की मौजूदगी में पूर्व वाइस चेयरमैन सुनील शर्मा सोमवार को चेयरमैन अशोक कुच्छल के कमरे और सचिव के कमरे में लगे दो एसी उतरवाकर ले गए।
आरोप लगाया कि दो बार बिल देने के बावजूद नगरपालिका ने भुगतान नहीं किया। इस वजह से एसी उतारे हैं। पूर्व वाइस चेयरमैन सुनील शर्मा ने आरोप लगाया कि करीब तीन साल पहले अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने दो एयरकंडीशनर नगरपालिका में लगाए थे। इसका करीब 80 हजार रुपये का बिल दुकानदार ने नगरपालिका को दिया था। इसके बाद दुकानदार करीब एक साल तक नगर पालिका के चक्कर काटता रहा, लेकिन बिल का भुगतान नहीं हुआ।
सुनील शर्मा ने बताया कि उसने खुद अपनी जेब से दुकानदार को पैसे दिए और कहा कि नगरपालिका से भुगतान होने पर लौटा देना लेकिन आज तक भुगतान नहीं हुआ। वे दो बार बिल जमा करवा चुके हैं। नगरपालिका अधिकारियों को दुकानदार का बिल क्लियर करने के लिए कई बार कहता रहा लेकिन अधिकारियों ने अनसुना कर दिया। पूर्व चेयरमैन ने बताया कि उसने वर्तमान चेयरमैन अशोक कुच्छल से भी बात की तो उन्होंने कहा कि इस बारे में जानकारी नहीं होने की बात कही। इसके बाद मजबूरी में उन्होंने सचिव व चेयरमैन के कमरे में लगे हुए दोनों एसी उतरवा लिए।