पानीपत। सेक्टर 25 पार्ट टू में एक टेक्सटाइल उद्यमी के घर के ताले तोड़कर चोरों ने नौ लाख रुपये नकद व आठ लाख के गहने चोरी कर लिए। चोर हीरा जड़ित दो कड़े भी चुरा ले गए। वारदात की रात उद्यमी परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने गया था। उद्यमी को मोबाइल पर घर के सीसीटीवी कैमरे बंद होने का पता चला तो उसने पड़ोसी को भेजा। इसके बाद घटना का पता चला। चांदनीबाग थाने की पुलिस ने केस दर्ज किया है। एफएसएल ने भी सबूत जुटाए। सेक्टर 25 पार्ट टू निवासी टेक्सटाइल उद्यमी अमन गुप्ता ने बताया कि वह शुक्रवार को परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने गया था। शनिवार सुबह उसे मोबाइल के जरिये कैमरे बंद होने का पता चला। उसने पड़ोसी को जांच के लिए घर भेजा। यहां मकान के ताले टूटे मिले। कैमरे भी टूटे थे। पड़ोसी ने मकान में चोरी की सूचना दी। शनिवार दोपहर तक घर पहुंचा। कमरे और अलमारी के ताले टूटे थे। अलमारी का सामान बिखरा था। अलमारी से नौ लाख रुपये नकद, नौ तोले के सोने के आभूषण, हीरे जड़ित दो कडे़, चांदी बर्तन व सिक्के चोरी मिले।