पानीपत। थाना किला क्षेत्र के मोहल्ला मोहाली में दो माह से बंद पड़े मकान से चोरों ने नकदी और जेवर चोरी कर लिए। चोर मकान से करीब 20 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवर ले गए हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कॉलोनी के इलियास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दो माह से यूपी में ईंट भट्टे पर मजदूरी करने के लिए परिवार के साथ गए थे। एक फरवरी को उन्हें सूचना मिली कि उनके मकान का ताला टूटा हुआ है। जिसके बाद वह वापस आए। मकान के अंदर देखा तो घर में रखे 20 हजार रुपये की नकदी, सोने की नाक की नथनी, एक जोड़ी कान की बाली, चांदी का गले का हार, पाजेब और अन्य जेवर गायब मिले। किला थाना प्रभारी सुरेश ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा। संवाद