इसराना। पानी की बोतल का ट्रेडमार्क चोरी करने के मामले में अदालत के आदेशों पर इसराना थाना पुलिस ने दो साझेदारों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने अदालत में याचिका दायर कर आरोपियों पर उसका ट्रेडमार्क चुराकर नकली पानी की बोतलें बेचने का आरोप लगाया था। अब पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
माइक्रो इंटरनेशनल के मालिक विकास गाेयल ने बताया कि उनकी असंध रोड पर दत्ता कॉलोनी में पेयजल बोतल और मिनरल सोडा की फैक्ट्री है। उन्होंने थंडर सिगनेचर मार्का अपनी फर्म के नाम पर पंजीकृत करा रखा है। आरोप है कि अनुज रावल और डीएवी दयाल निवासीगण नौल्था ने उनके मार्के को गुपचुप तरीके से अपनी फैक्ट्री में तैयार बोतलों पर लगाकर बेचना शुरू कर दिया। इससे उन्हें लाखों रुपये की हानि हुई है। जांच अधिकारी ने बताया कि जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।