पानीपत। फीस पर वकील के साथ हुए विवाद में अब हैंडलूम कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने वकील पर केस दर्ज कर लिया है। वकील ने एक माह पहले चैंबर में कारोबारी के साथ फीस को लेकर मारपीट की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत आईजी को दी थी। आईजी के निर्देशों पर अब मामले में कार्रवाई की गई है। देसराज काॅलाेनी निवासी नेहा शर्मा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनका हैंडलूम का काराेबार है। उनकी सेक्टर 25 में दाे फैक्ट्रियां हैं। उन्हाेंने 4.30 लाख रुपये चेक बाउंस का काेर्ट में केस डाला था। इस केस में उनकी तरफ से वकील संदीप कुमार थे। वकील के मुंशी साेनू ने 24 अप्रैल काे काॅल कर उन्हें तारीख के बहाने काेर्ट में बुलाया था। पति प्रवीन शर्मा वकील संदीप के पास उनके चैंबर में चले गए। वह अपने काम से बाहर चली गई थी। जब वह कुछ देर बाद लाैटी ताे पति प्रवीण ने बताया कि वकील संदीप व मुंशी ने उसके साथ मारपीट की है। उसके मुंह पर सुएं से हमला किया है। वकील तय फीस से अधिक फीस मांग रहा था। जबकि वह वकील को 20 हजार रुपये दे चुका है। अब उस पर दबाव बनाया जा रहा है। उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। उन्होंने इसकी शिकायत शहर थाना पुलिस को दी थी। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत आईजी को दी थी आईजी के निर्देशों पर मामले में केस दर्ज हुआ है।