पानीपत। चलती गाड़ी में शराब पी रहे दो लोगों की लापरवाही ने एक साथ तीन परिवारों को उजाड़ दिया। गोहाना रोड स्थित महराना गांव के पास सड़क पर पैदल अपने घर लौट रहे तीन मजदूरों को एक कार सवार ने नशे की हालत में कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि तीनों को कुचलने के बाद भी गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ों से टकराते हुए सड़क किनारे गड्ढों में पलट गई। आसपास के लोगों ने तुंरत कार सवार दोनों युवकों को पकड़ कर धुना। इसमें एक युवक फरार हो गया। हादसे की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी गई। हादसा रविवार सायं करीब छह बजे का है।
पुलिस करीब 20 मिनट बाद मौके पर पहुंच गई, लेकिन एंबुलेंस 30 मिनट बाद भी नहीं पहुंच सकी। तब तक तीनों घायल सड़क किनारे तड़पते रहे। जिसके बाद एक-एक कर तीनों ने दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने तीनों शवों को जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। बिंझौल निवासी सिम्पी ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के शेखपुरा जिले के सौदाग्रह गांव की है। उसके पति अनिल प्रसाद व पिता नंदे महतो महाराना स्थित एक फैक्ट्री में काम करते थे। उनके साथ पश्चिम बंगाल का कार्तिक भी काम करता था। वे तीनों रविवार शाम को महराना स्थित फैक्ट्री से बिंझौल गांव स्थित घर पर पैदल ही आ रहे थे। वे महराना गांव स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे तो पीछे तेज गति एक कार चालक ने उनको रौंद दिया। कार चालक भी अनियंत्रित हो गया और कार पेड़ से जा टकराई। दोनों लोग शराब के नशे में थे। उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने उनको पकड़ लिया। हादसे में उसके पिता नंदे महतो (55) निवासी रोहो गांव जिला नवादा बिहार, उसके पति अनिल प्रसाद (26) और पश्चिम बंगाल के कार्तिक (30) की मौत हो गई। थाना मॉडल टाउन पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। तब तक एंबुलेंस नहीं पहुंच पाई तो पुलिसकर्मी आरोपी से पूछताछ करते रहे।