पानीपत। जीटी रोड पर गांव गांजबड़ के पास कार ने बाइक सवार अध्यापक और अध्यापिका को टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट आने से अध्यापिका की मौत हो गई। हादसे में अध्यापक भी घायल हुआ है। सदर थाना पुलिस ने घायल अध्यापक के बयानों पर अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
एनएफएल टाउनशिप निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वो गांव बड़ौली के राजकीय प्राथमिक में जेबीटी अध्यापक हैं। सोमवार सुबह वो घर से ड्यूटी के लिए जा रहा था। उसकी जानकार अराईपुरा गांव के सरकारी स्कूल में कार्यरत जेबीटी अध्यापिका कविता धनखड़ उसकी बाइक पर बैठी थीं। वो उसे छोड़ने जा रहा था। गांव गांजबड़ के पास उसकी बाइक को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में उसके माथे व हाथ पर चोटें आई। अध्यापिका कविता हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। उसने साथी अध्यापकों को फोन कर बुलाया। उन्होंने कविता को सिवाह गांव के पास एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।