पानीपत। नगर निगम ने शुक्रवार को वार्ड दस के अंतर्गत आने वाले एरिया में पुरानी सब्जी मंडी स्थित विकसित भारत विकसित हरियाणा के कार्यक्रम में ही अपना कैंप लगाया। वहीं, सेक्टर 18 स्थित राजकीय कॉलेज में भी कैंप लगाकर लोगों की संपत्तियों की त्रुटियां ठीक करने के साथ संपत्तियों का स्वयं सत्यापन भी कराया। दोनों जगह निगम ने कुल 92 लोगों की संपत्तियों का डाटा अपडेट करने के साथ 56 लोगाें की संपत्तियों का सत्यापन भी कराया। अब तक निगम अधिकारी कैंप लगाकर कुल 2058 लोगों की संपत्तियों का रिकॉर्ड अपडेट और 2419 की संपत्तियों का स्वयं सत्यापन करा चुके हैं।
कैंप के दौरान सबसे ज्यादा आवेदन मिक्स यूज श्रेणी को रिहायशी में बदलवाने की मांग को लेकर आए। अधिकारियों ने बताया का रिहायशी श्रेणी के संपत्ति कर की एवज में कमर्शियल, वाणिज्यिक और मिक्स यूज श्रेणी का संपत्ति कर ज्यादा आता है। ज्यादातर लोगों ने अपने घरों में दुकानें इत्यादि बना रखी हैं। जिस एरिया में जितनी दुकान या कमर्शियल गतिविधि होगी निगम उसका टैक्स रिहायशी से अलग वसूल करता है। हालांकि कुछ लोगों ने शिकायत की है है कि उनके घरों का पूरा कवर्ड एरिया ही कमर्शियल श्रेणी में बदला गया है। जिसका समाधान कैंप में नहीं हो सकता, क्योंकि इसकी तफ्तीश मौके पर जाकर जेई के रिपोर्ट करने के बाद ही की जा सकती है।
नगर निगम के कर अधीक्षक मनोज मिगलानी ने बताया कि विकसित भारत विकसित हरियाणा कार्यक्रम के साथ निगम ने अपना कैंप लगाया। इस दौरान लोगों को संपत्ति कर की छूट के बारे में भी जागरूक किया गया है। अब शनिवार-रविवार को कैंप नहीं लगाए जाएंगे। सोमवार से ही उच्च अधिकारियों के निर्देशों पर ही कैंप लगेंगे।