पानीपत। नगर निगम प्राॅपर्टी आईडी की त्रुटियां ठीक करवाने के लिए एक बार फिर शिविर लगाएगा। ये शिविर एक और दो जुलाई को निगम के पालिका बाजार और ताऊ देवीलाल काॅम्प्लेक्स स्थित कार्यालय में लगाए जाएंगे। वार्ड-1 से 14 की समस्याएं पालिका बाजार और वार्ड 15 से 26 तक की समस्याएं ताऊ देवीलाल काॅम्प्लेक्स स्थित कार्यालय में निस्तारित की जाएगी। इससे पहले भी नगर निगम की ओर से 10 और 11 जून को शिविर लगाया जा चुका है। इनमें आईं 90 प्रतिशत से ज्यादा शिकायतों को ठीक किया जा चुका है। इनकी सफलता को देखते हुए शहरी स्थानीय निकाय की ओर से फिर से शिविर लगाने का निर्देश दिया गया है।
शहरी स्थानीय निकाय ने इसका पत्र जारी किया है। पत्र में कहा गया है कि निकायों के पोर्टल पर 1.87 लाख आपत्तियां थीं, जिन्हें अस्वीकृत किया गया है। अब रिजेक्ट करने का विकल्प हटा दिया गया है। अब फाइलों को वापस किया जा सकता है। ऐसे करीब 50982 आवेदनों को सिटीजन लेवल पर वापस किया गया है। किसी फाइल में अधूरे दस्तावेज होंगे तो उसे वापस किया जाएगा, जिसका मैसेज मोबाइल पर आवेदनकर्ता को भेजा जाएगा। आवेदनकर्ता संबंधित दस्तावेज लगाकर अपनी फाइल पूरी कर सकेगा।
पालिका बाजार निगम और ताऊ देवी लाल कॉम्प्लेक्स निगम कार्यालय में शनिवार और रविवार को शिविर लगाए जाएंगे। शिविर में लोग प्रॉपर्टी आईडी की जानकारी दुरुस्त करा सकते हैं।
- राहुल नरवाल, आयुक्त, नगर निगम।