नशामुक्त बनाने में सामूहिक भागीदारी निभाने का आह्वान
पानीपत। पुलिस की नशा मुक्त अभियान टीम ने सोमवार को लालबत्ती और रेलवे रोड के सामने फ्लाईओवर के नीचे लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। टीम ने युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सामूहिक भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। पुलिस ने बताया कि नशे की लत स्वास्थ्य के साथ परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है तथा पढ़ाई और रोजगार से भटका सकती है। युवाओं को अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग पढ़ाई, खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में करने की सलाह दी गई। जिला नोडल अधिकारी डीएसपी प्रणय कुमार ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, परिवार और समाज को भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों और युवाओं के साथ संवाद बनाए रखने और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की।