- , छोटा बाल-बाल बचा, गोहाना रोड पर गांव डाहर के पास हुआ हादसा
- पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा, पुलिस ने मामले में ट्रक चालक पर किया केस दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। डाहर व महराना गांव के बीच ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में बड़े भाई की मौत हो गई। छोटा भाई बाल बाल बच गया। मृतक की एक साल पहले ही शादी हुई थी। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने छोटे भाई के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
सोनीपत के गांव छतेहरा निवासी सचिन ने बताया कि वह तीन भाई बहन हैं। बड़े भाई सुरेंद्र (26) व बहन की शादी हो चुकी है। सुरेंद्र की एक साल पहले शादी हुई थी। वह पानीपत के किशनपुरा में किराए पर रहता था और टैक्सी चालक था। वह सात जनवरी को सुरेंद्र के पास आया था। आठ जनवरी देर शाम को दोनों भाई डाहर गांव में निजी काम से जा रहे थे। मोटरसाइकिल सुरेंद्र चला रहा था। गांव डाहर से एक किलोमीटर पहले तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वो सड़क किनारे मिट्टी में गिर गया। सुरेंद्र सड़क पर गिर गया। ट्रक चालक वहां से फरार हो गया। वह राहगीरों की मदद से सुरेंद्र को सिवाह के पास एक निजी अस्पताल में लेकर गया। यहां मंगलवार को इलाज के दौरान सुरेंद्र की मौत हो गई। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस आरोपी ट्रक चालक की धरपकड़ में जुटी है।