पानीपत। पांच हजार रुपये की फीस देकर महज दो दिन में प्रॉपर्टी आईडी या एनडीसी लेने वालों को अब निगम की इस सुविधा से कुछ और दिनों तक वंचित रहना पड़ेगा। अब तक पोर्टल पर तत्काल समाधान का यह विकल्प पुरानी आईडी पर लागू नहीं हो सका है। इस विकल्प का इस्तेमाल केवल नई आईडी बनवाने या याशी कंपनी का सर्वे लागू होने के बाद ही किया जा सकता है। अब तक पोर्टल पर याशी कंपनी का सर्वे लागू नहीं हुआ है। ऐसे में सिर्फ नई प्रॉपर्टी आईडी के लिए इसका उपयोग किया जा रहा है।
नई आईडी के तहत अब तक निगम में भी केवल चार आवेदन ही तत्काल समाधान विकल्प पर आए हैं। इनमें से तीन का अधिकारियों ने समाधान किया है और एक पेंडिंग है। प्रॉपर्टी आईडी या एनडीसी बनवाने वाले लोगों को शहरी स्थानीय निकाय की ओर से 17 अगस्त को प्रॉपर्टी टैक्स मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल पर तत्काल समाधान नाम से विकल्प को चालू किया गया था। इसमें पांच हजार रुपये फीस देकर दो दिन के अंदर प्रॉपर्टी आईडी और एनडीसी प्राप्त की जा सकती थी। अगर दो कार्यदिवस में आवेदनकर्ता को उनकी प्रॉपर्टी आईडी या एनडीसी नहीं मिली तो निगम को उसकी फीस वापस करनी बनती थी। इसके अलावा आवेदनकर्ता को एक हजार रुपये बतौर हर्जाना भी देना था।
इसका इस्तेमाल करने में ध्यान देने योग्य बात यह थी कि इस स्कीम में दो कार्यदिवस तय किए गए थे। अगर सुबह 11 बजे से पहले आवेदन किया गया तो अगले दिन शाम तक प्रॉपर्टी आईडी और एनडीसी मिलनी थी। अगर 11 बजे के बाद आवेदन किया तो अगले दो दिन यानी परसों तक प्रॉपर्टी आईडी मिलने का प्रावधान था। हालांकि ये दोनों दिन कार्यदिवस होने चाहिए।