पानीपत। ब्रह्माकुमारीज द्वारा वार्ड-11 स्थित ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र में रविवार को महाशिवरात्रि का आगाज शोभायात्रा के साथ किया। इसका शुभारंभ मुख्यातिथि मेयर कोमल सैनी और शहरी विधायक प्रमोद विज ने किया। शोभायात्रा की अध्यक्षता राजयोगिनी सुनीता बहन ने की। सुनीता बहन ने बताया कि शोभायात्रा का शुभारंभ वार्ड-11 स्थित ब्रह्माकुमारीज सेवाकेंद्र से हुआ। शोभायात्रा वार्ड से शुरू होकर चावला कॉलोनी, मेयर कार्यालय, छोटू राम चौक, भारत नगर और सैनी कॉलोनी से होते हुए वापस सेवाकेंद्र पर पहुंची। इस दौरान भगवान स्वरूप बच्चों ने झांकियां निकाली जो आकर्षण का केंद्र रही। सर्व पर्वों में पर्व महान, शिव जयंती है सर्व महान और जब छोड़ोंगे पांच विकार तभी मिटेगा भ्रष्टाचार के नारे लगाए गए। शोभायात्रा में शिव परमात्मा की महिमा के जयकारे लगाए गए और सभी को आशीर्वाद स्वरूप प्रसाद दिया गया। एक झांकी शिवलिंग की बनाई हुई थी जिस पर शोभायात्रा के दौरान लोगों ने पुष्प अर्पित किए। दूसरी झांकी में लक्ष्मी नारायण के स्वरूप में दो छोटे बच्चे दिखाए गए जिन्होंने आने वाली नई स्वर्णिम दुनिया का संदेश दिया। इस अवसर वार्ड-11 की पार्षद अंजना गुर्जर, केशव जताना, बीके शालिनी बहन, अंजू बहन, सुमन बहन और निशा उपस्थित रही।