पानीपत। जीटी रोड पर समालखा के पास एक ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार बाउंसर को कुचल दिया। हादसे में बाउंसर की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ट्रक चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। समालखा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल में भिजवाया और ट्रक को कब्जे में लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
देहरा गांव निवासी मनीष कुमार ने बताया कि वह पानीपत में एक कंपनी में बतौर सिक्योरिटी गार्ड नौकरी करता है। उसका छोटा भाई आशीष (24) बाउंसर था। वह रविवार शाम सात बजे मोटरसाइकिल पर समालखा जा रहे थे। समालखा के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही आशीष सड़क पर जा गिरा। ट्रक ने उसे कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह हादसे में बाल बाल बच गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक पर केस दर्ज कर उसकी धरपकड़ शुरू कर दी है।