हरियाणा के पानीपत जिले में गांव राणा माजरा में पति-पत्नी के बीच पनपा विवाद मासूम बच्ची के जीवन पर भारी पड़ गया। पति-पत्नी के विवाद के चलते 6 माह की बच्ची फर्श पर गिर गई जिससे मासूम की मौत हो गई। सनौली थाना पुलिस ने बच्ची की मौत हो जाने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला रूकसाना पत्नी तैयब निवासी सहारनपुर यूपी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव राणा माजरा में आयोजित जलसा में शामिल होने के लिए वे अपने भांजे बिलाल के घर आए थे। वहां बिलाल और उनकी पत्नी आसमीन का आपस में दहेज को लेकर विवाद चला हुआ था।
विवाद के दौरान बिलाल की सास संजीदा और बिलाल की पत्नी आसमीन 6 माह की लड़की अकशा को लेकर जब घर से चलने लगे। तभी पति-पत्नी में बच्ची को ले जाने को लेकर कहासुनी व छीनाझपटी हो गई। तभी बिलाल की सास संजीदा ने अपनी लड़की आसमीन से बच्ची अकशा को लेकर बिलाल की तरफ फेंक दिया जिससे मासूम बच्ची अकशा फर्श पर गिर गई।
फर्श पर गिरने से 6 माह की अकशा गंभीर रूप से घायल हो गई। अकशा को उठाकर गांव में डाक्टरों के पास ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर घायल अकशा को पानीपत अस्पताल के लिए रेफर किया गया जहां रास्ते में ही मासूम अकशा ने दम तोड़ दिया। परिजन उसे लेकर वापस घर आ गए। सनौली थाना पुलिस ने धारा 304, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।