पानीपत। पानीपत-दिल्ली रेल लाइन पर असंध रोड के नजदीक शनि मंदिर के पास मृत व्यक्ति के शव की शिनाख्त हो गई है। वह असंध रोड पुल के नीचे मोटरसाइकिल मिस्त्री था और रेलवे लाइन पार करते समय उसकी मौत हुई है। जीआरपी ने पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों के हवाले किया।
थाना प्रभारी सूरत पाल सिंह ने बताया कि दो दिन पहले शनि मंदिर के पास रेलवे लाइन पर एक व्यक्ति का शव दो हिस्सों में बटा हुआ मिला था। उस समय व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। बुधवार को परिजनों ने शिनाख्त दीपक निवासी मतलौडा हाल रेलवे कॉलोनी पानीपत के रूप में की है। परिजनों ने बताया कि वह असंध रोड पुल के नीचे मोटरसाइकिल मिस्त्री था और अपने भाई के पास रेलवे के क्वार्टर में रहता था। उसका भाई गैंगमैन है। परिजनों ने बताया कि वह रेल लाइन को पार कर रहा था। धुंध होने के कारण ट्रेन को देख नहीं पाया। जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।