सनौली। यमुना नदी में नहाते हुए डूबे विद्यानंद काॅलोनी के दोनों युवकों का शामली के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने शवों को परिजनों को सौंप दिया । दोनों मृतकों को गमगीन माहौल में बुधवार को संस्कार कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार शहर की विद्यानंद काॅलोनी के तीन दोस्त प्रिंस (25), विकास (19) व शिवा (18) मंगलवार को यूपी-हरियाणा सनौली बॉर्डर स्थित यमुना नदी में नहाने के लिए गए थे। तीनों युवक पुल के पास यमुना में हरियाणा की तरफ स्नान करने लगे और बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान तीनों युवक गहरे पानी की तरफ चले गए। तीनों युवक गहरे पानी में डूबने लगे तो वहां पर मौजूद कुछ किसानों ने शोर मचा दिया और सारे मामले की पुलिस को सूचना दी गई। उसके बाद हरियाणा की सनौली खुर्द नाका पुलिस व यूपी कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र कसाना सहित दोनों प्रदेशों के गोताखोर मौके पर पहुंचे और यमुना के गहरे पानी में डूब रहे तीन युवकों में से एक युवक शिवा को तो सकुशल बाहर निकाल लिया गया लेकिन प्रिंस व विकास पानी में डूब गए थे।