पानीपत। जाटल रोड शोंधापुर गांव के पास सड़क पर खड़े गोवंश से टकराने पर मोटरसाइकिल सवार मतलौडा ब्लॉक समिति के वार्ड-12 की सदस्य के पति की मौत हो गई। पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
हादसा 16 अगस्त का है। उनका पिछले तीन दिन से एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। मिली जानकारी के अनुसार अनिल कुमार (36) निवासी गांव भादड़ संजय चौक के पास एक कंपनी में काम करता था। उसकी पत्नी मतलौडा ब्लॉक समिति से वार्ड 12 की सदस्य है। अनिल कुमार नौकरी के साथ समाजसेवा भी करता था। वह तीन बच्चों का पिता था। अनिल कुमार 16 अगस्त को ड्यूटी खत्म कर शाम को मोटरसाइकिल पर अपने घर जा रहा था। जाटल रोड पर शोंधापुर गांव के पास सड़क पर अचानक गोवंश आ गया। अनिल की मोटरसाइकिल की उसमें टक्कर हो गई। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें आई। राहगीरों ने उसे एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। जहां उसकी सोमवार दोपहर को मौत हो गई। ग्रामीणों ने प्रशासन ने बेसहारा गोवंशों को सड़क से पकड़कर गोशाला में छोड़ने की मांग की है।