पानीपत। कुटानी रोड पहलवान चौक पर बाइक सवार एक युवक कुत्ते से टकराकर गिर गया। इसी बीच आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उसका कान काट लिया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे कुत्ते से बचाकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उसके कान को टांके लगाकर जोड़ा गया। इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
कुटानी रोड पहलवान चौक निवासी 20 वर्षीय रवि ने बताया कि वह बुधवार को अपनी बाइक पर सवार होकर ड्यूटी जा रहा था। जब वह पहलवान चौक पर पहुंचा तो दो कुत्ते आपस में लड़ रहे थे, वह अचानक उसकी बाइक के सामने आ गए। इससे वह असंतुलित होकर गिर पड़ा। इसी बीच उस पर एक कुत्ते ने हमला कर दिया। उसके हाथ और पैर पर काटने के बाद चेहरे पर हमला कर दिया। बचाव में सिर घुमाया तो कुत्ते ने काट काट लिया। वह फटा कान लेकर अस्पताल पहुंचा और इलाज कराया। गौरतलब है कि शहर की सड़कों पर आवारा कुत्तों की संख्या काफी ज्यादा हो गई है। इससे आम लोगों को आए दिन दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है।