पानीपत। विद्यानंद कॉलोनी में फैक्टरी से घर लौट रहे बाइक सवार एक युवक पर सात हमलावरों ने डंडे व गंडासी से हमला कर दिया। बेहोश होने पर आरोपी उसे मृत समझकर फरार हो गए। घायल का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल ने साथ काम करने वाले दो युवकों पर हमलावर भेजकर हमला कराने का आरोप लगाया है। घायल के बयान पर चांदनीबाग पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शामली के खुरगान गांव निवासी सरवर ने बताया कि वह पानीपत में विद्यानंद कॉलोनी स्थित शंभू फैक्टरी में काम करता है। पहले वह, राजू और कुलदीप ठेकेदार के पास काम करते थे। गत दिनों पहले ठेकेदार फैक्टरी छोड़कर चला गया। दूसरे ठेकेदार नोशाद ने उसे कटिंग का काम उसे दे दिया और राजू व कुलदीप की छुट्टी कर दी। इसी वजह से दोनों उससे रंजिश रखने लगे। छह मई को फैक्टरी से अपनी बाइक पर अपने भाई बिलाल के साथ घर जा रहा था। जब वह शाम साढ़े सात बजे मनोज की फैक्टरी के पीछे गली में पहुंचे तो सात युवक खड़े थे, एक युवक ने बाइक रुकवाई, दूसरे युवक ने पीछे से सिर में डंडा मारा। दूसरे युवक ने गंडासी नुमा हथियार से वार किया। मौके पर शोर सुनकर फाजिल भी आ गया। हमले की वजह से वह बेहोश होकर बाइक से नीचे गिर गया। आरोपी उसे मरा हुआ समझकर फरार हो गए। आरोपी है कि राजू और कुलदीप ने रंजिशन हमलावर भेजकर उस पर हमला कराया।
बिलाल ने घायल सरवर को हैदराबादी अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी बाइक मौके पर ही पड़ी थी। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद बिलाल बाइक लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंचा तो वहां से बाइक भी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिस पर चांदनीबाग थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।