पानीपत। जीटी रोड पर फ्लाईओवर के ऊपर देवीलाल पार्क के सामने कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार एक युवक घायल हो गया। दोनों एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। हादसा बुधवार देर शाम हुआ। सेक्टर 13-17 थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है औऱ कार चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में करनाल के घरौंडा निवासी अनिल ने बताया कि वह हुंडई कंपनी में कारपेंटर का काम करता है। उसके परिवार का अनिल (35) पुत्र जयनारायण पानीपत में फास्ट फ़ूड का काम करता है। वह पानीपत निजी काम से आया था। इसी बीच उसके पास अनिल का फोन आया और उसने उसे नए बस अड्डे पर बुलाया। वह दोनों नए बस अड्डे से अनिल की बाइक से घरौंडा के लिए निकले। जब वे फ्लाई ओवर पर देवीलाल पार्क के पास पहुंचे तो पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर गए। आरोपी कार चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। वह अनिल को पास के ही एक निजी अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।