इसराना। इसराना थाना क्षेत्र के कैथ गांव के ईंट भट्ठे से बुधवार को देर रात पांच ट्रैक्टरों से बैटरी चोरी कर ली गई। बैटरियों की कीमत 20 हजार रुपये आंकी गई है। इसकी शिकायत इसराना थाना पुलिस को दी। सोनीपत के सिसाना गांव के राजपाल ने थाना इसराना पुलिस को बताया कि उन्होंने ईंट भट्ठे पर ईंटों की सप्लाई के लिए पांच ट्रैक्टर रखे है। बुधवार को ईंट सप्लाई का कार्य पूरा होने के बाद सभी ट्रैक्टरों को भट्ठे पर ही खड़ा किया गया था, इसके बाद वह अपने घर सोनीपत चले गए थे। वीरवार को सुबह जब वह भट्ठे पर पहुंचे तो एक मजदूर ने बताया कि रात को ट्रैक्टरों की बैटरी चोरी हो गई। उन्होंने इसके लिए आसपास पूछताछ की लेकिन कही कोई सुराग नहीं लगा। थाना इसराना के प्रभारी महिपाल ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संवाद