समालखा। समालखा स्थित निजी बैंक के प्रबंधक ने एक महिला के साथ धोखाधड़ी की। महिला ने लोन को चुकता करने के लिए बैंक प्रबंधक को 50 हजार रुपये दिए थे। बैंक प्रबंधक ने महिला का लोन चुकता नहीं किया और उसके 50 हजार रुपये हड़प गया। अब बैंक कर्मचारी महिला पर लोन चुकाने का दबाव बना रहे हैं। महिला ने समालखा थाना पुलिस में आरोपी बैंक प्रबंधक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी बैंक प्रबंधक पर केस दर्ज कर लिया है।
पानीपत के विकास नगर निवासी आरती ने बताया कि उसने समालखा के आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस बैंक से 2021 में 80 हजार का लोन लिया था। उसने 24 फरवरी 2023 तक किस्त के रूप में 51100 रुपये बैंक में जमा कराए, बाकी 50 हजार रुपये उसने बैंक मैनेजर सुधीर बीरभान को देकर अपना लोन चुकता कर दिया। उसके पास इसकी रशीद है। उसने बैंक प्रबंधक सुधीर से एनओसी मांगी तो वह कहने लगा कि बाद में दे देगा। वह एनओसी के लिए बैंक के चक्कर काटनी रही लेकिन उसको मैनेजर नहीं मिला। अब उसे बैंक कर्मचारी कह रहे हैं कि 50 हजार रुपये अब भी उसकी तरह बकाया है। उसके साथ बैंक मैनेजर ने फ्रॉड किया है। उसकी पुलिस से मांग है कि आरोपी बैंक मैनेजर पर कार्रवाई की जाए।