फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat News: रोडवेज बस की चपेट में आने से बीए प्रथम वर्ष की छात्रा की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
मतलौडा (पानीपत)। भालसी बाईपास चौक के पास बृहस्पतिवार को सुबह हरियाणा रोडवेज के पानीपत डिपो की बस की चपेट में आकर बीए प्रथम वर्ष की छात्रा की मौत हो गई। छात्रा ने 20 दिन पहले ही राजकीय कन्या कॉलेज मतलौडा में प्रवेश लिया था। पिता की मौत के बाद वह अपने नाना के घर जींद के पाजू गांव रहती थी। कॉलेज में दाखिला लेने के बाद वह पानीपत के काबड़ी रोड भारत नगर में अपनी मां के पास रहने लगी थी। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। मतलौडा थाने की पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
विज्ञापन

पाजू गांव निवासी कृष्णा ने बताया कि उसकी बेटी विधवा है और पानीपत काबड़ी रोड स्थित भारत नगर में रहती है। वह अपनी नातिन आरती (18) को उसके पिता की मौत के बाद 11 साल पहले अपने साथ पाजू गांव ले गई थी। आरती पांच बहनों में एक थी। सबसे छोटा एक भाई है। आरती की मां फैक्टि्रयों में मजदूरी कर गुजर-बसर करती है। आरती ने इस वर्ष 12वीं कक्षा पास की थी। मां ने सोचा कि अब वह बड़ी हो गई है। कामकाज में उसका हाथ बंटाएगी और पढ़ाई भी कर लेगी। इसलिए एक महीना पहले आरती नानी के घर से आकर अपनी मां के साथ रहने लगी थी। उसने राजकीय कन्या कॉलेज मतलौडा बीए प्रथम वर्ष में 20 दिन पहले दाखिला लिया था। वह बस से कॉलेज जाती थी। बृहस्पतिवार को कॉलेज जाते समय सुबह करीब नौ बजे भालसी बाईपास पर पानीपत से जा रही बस से उतरकर कॉलेज जाने के लिए सड़क पार कर रही थी। इसी समय हिसार से पानीपत आ रही पानीपत डिपो की बस ने छात्रा को चपेट में ले लिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। चालक बस छोड़कर फरार हो गया। लोगों ने गंभीर रूप से घायल छात्रा को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे खानपुर पीजीआई रेफर कर दिया। आरती ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मतलौडा थाने की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें