इसराना। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को इसराना में राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया। डेंगू दिवस को ड्राई डे के रूप में मनाया गया। जागरूकता कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अनामिका ने की। इसराना में जागरूकता रैली भी निकाली गई। इस मौके पर डॉ. अनामिका ने लोगों को डेंगू, मलेरिया बुखार व चिकनगुनिया के खिलाफ जागरूक किया। उन्होंने कहा कि अपने घर के आसपास पानी जमा न होने दें क्योंकि रुके हुए पानी में ही मच्छर पनपते हैं। प्रत्येक रविवार को ड्राई डे मनाते हुए कूलर, फूलदान, पशु व पक्षियों के पानी के बर्तनों को सुखाकर पानी भरें। पानी से भरे हुए गड्ढों को मिट्टी से भर दे और यदि संभव हो तो हर सप्ताह उसमें काला तेल डाल दें। मच्छरों के बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहने, सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें या मच्छर नाशक क्रीम का प्रयोग करें। इस अवसर पर स्वास्थ्य निरीक्षक जयपाल, राहुल कुमार, संदीप राठी, नर्सिंग अधिकारी अनिता, आशा वर्कर सीमा सुनीता मौजूद रहे।