पानीपत। जाटल रोड पर दिल्ली पैरलल नहर में मंगलवार को मिले गढ़ी सिकंदरपुर गांव के जसवंत के शव का वीरवार को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने जसवंत के परिजनों को जल्द उसके हत्यारों को पकड़ने का आश्वासन दिया है। पुलिस ने परिजनों से उसके दोस्तों के बारे में जानकारी ली है। उसके मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जसवंत के मोबाइल से उसके हत्यारों का सुराग लगेगा। जसवंत चार अप्रैल से लापता था। वह चार अप्रैल को घर से निकला था। उसने गांव के ही एक युवक से सिकंदरपुर गढ़ी के अड्डे से लिफ्ट ली थी। उस युवक ने इसको रामलाल चौक पर उतार दिया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा था। उसकी गुमशुदगी की शिकायत छह अप्रैल को उसके भतीजे रमेश ने पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को दी थी। पुलिस जसवंत के मोबाइल से हत्यारों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जसवंत के दोनों हाथ पैर बांधकर नहर में फेंका गया था। विदित है कि मंगलवार दोपहर को जाटल रोड के पास दिल्ली पैरलल नहर में एक व्यक्ति का शव मिला था। उसके दोनों पैर बंधे हुए थे। शव भी काफी गल चुका था। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज भिजवाया था।
वर्जन-
मॉडल टाउन थाना प्रभारी रेखा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस जसवंत के हत्यारोपियों की तलाश कर रही है। उसके मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। उम्मीद है कि उसके हत्यारे जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।