पानीपत। एक महिला पार्षद के परिवार से फोन पर गालीगलौज की गई और विरोध करने पर आरोपी ने घर में घुसकर डंडे से हमला कर दिया। पार्षद ने बीचबचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी ने उनके साथ छेड़छाड़ की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सेक्टर 13-17 थाने की पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला पार्षद ने बताया कि उनके पति के पास सोमवार रात यमुना एंक्लेव निवासी तरुण ने फोन किया और गालीगलौज की। पति ने विरोध किया तो आरोपी 15 मिनट बाद अपने एक साथी को लेकर जबरदस्ती घर में घुस आया और उनके साथ गालीगलौज करने गला। विरोध किया तो उनके साथ आरोपियों ने छेड़छाड़ की। पति पर डंडों से हमला कर दिया और उसके बाद पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पीड़िता ने कहा कि आरोपी का पहले उनके घर आना जाना था, लेकिन अब उन्होंने उससे दूरी बना ली। इसी रंजिश में वह अभद्र व्यवहार कर रहा है। मंगलवार को वह पूरे परिवार के साथ सेक्टर 13-17 थाने पहुंचीं और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ 354 समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।