पानीपत। जाटल रोड देशवाल चौक के पास स्थित गोल्डन कंपनी में सहायक प्रबंधक और सुपरवाइजर ने लाखों रुपये के तौलिए चोरी कर लिए। दोनों टैंपो में 60 बोरे लोड कर ले गए। जब सिक्योरिटी ऑफिसर जांच के लिए आया तो चोरी की वारदात के बारे में पता चला। उसने इस बारे में फैक्ट्री के मालिक को सूचना दी। इसके बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस को इसकी शिकायत दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में केस दर्ज कर लिया है। अब दोनों की धरपकड़ की जा रही है।
सिद्धार्थ नगर निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि वह जाटल रोड स्थित गोल्डन फैक्ट्री में बतौर सिक्योरिटी ऑफिसर कार्यरत है। इस फैक्ट्री में राजीव सहायक प्रबंधक व हरेंद्र सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। वह रोज सुबह ड्यूटी पर आकर पूरे गोदाम की जांच करता है। वह रविवार सुबह आठ बजे फैक्ट्री आया तो उसे पता चला कि राजीव व हरेंद्र टैंपो में माल लेकर गए हैं। रिकॉर्ड जांच पर माल का बिल भी नहीं मिला। उसने राजीव और हरेंद्र को कॉल की तो इन्होंने कॉल नहीं उठाई। लेबर से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि टैंपो में तौलिए के 60 बोरे लोड कर ले जाए गए हैं। इन तौलिए की कीमत दो लाख रुपये हैं। उसने इस बारे में मालिक को भी बताया। फिर इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। उसकी पुलिस से मांग है कि दोनों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।