समालखा। जमानत पर आए हत्यारोपी पर सोमवार को पुरानी तहसील वाली गली में तेजधार हथियार और बिंडे से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल हत्यारोपी को पुलिस अस्पताल ले गई। उसने दो महिलाओं एवं कुछ युवकों पर हमला करने का आरोप लगाया है। घायल को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।
घायल नरेश ने बताया कि वह मुंदपुर गोहाना का रहने वाला है। दोपहर करीब दो बजे वह बाइक से जा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उस पर तेजधार हथियार और बींडो से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर चारों तरफ खून बिखरा पड़ा था। वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके से पुलिस ने तेजधार हथियार और बिंडे बरामद किए। सीआईए ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
-
रोहतक में एक हत्या के मामले में आरोपी है नरेश
पुलिस के मुताबिक घायल नरेश 2018 में रोहतक में हुए एक हत्या के मामले में आरोपी है। करीब 10-12 दिन पहले वह जमानत पर सुनारिया जेल से बाहर आया था। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि वारदात में दो महिलाओं के नाम सामने आ रहे हैं और नरेश उनके मामा की हत्या का आरोपी है।
-
घायल को अस्पताल ले जाने को तैयार नहीं हुए ई-रिक्शा चालक
आमजन काफी देर तक ई-रिक्शा, ऑटो वालों से घायल को अस्पताल भिजवाने का प्रयास किया। लेकिन, कोई भी चालक घायल को ले जाने को तैयार नहीं हुआ। यहां तक कि एक-दो ने तो पुलिस के झंझट में नहीं पड़ने की बात कही और निकल गए। इतने में मौके पर चौकी इंचार्ज महावीर सिंह पहुंच गए, जो घायल को अस्पताल लेकर गए।