पानीपत। बिजली की मांग को लेकर अंसल के लोगाें का बेमियादी धरना प्रदर्शन सोमवार को 31वें दिन भी जारी रहा। इसके अलावा अंसल वासियों की क्रमिक भूख हड़ताल 23वें दिन चली। भूख हड़ताल पर एडवाकेट सुरभि शर्मा, सपना बंसल, कविता अरोड़ा, अनिल बंसल और अमित वर्मा बैठे। अंसल बचाओ संघर्ष समिति ने मंगलवार को बिजली मंत्री रणजीत चौटाला से मिलने का समय लिया है। ताकि एक बार फिर से अंसल के लोग अपनी समस्या उनके सामने रख सके। मंत्री से मिलने के लिए अंसल बचाओ संघर्ष समिति से पांच लोगों को प्रतिनिधिमंडल राजीव जैन के साथ मुलाकात के लिए रवाना होगा। हालांकि इससे पहले भी एक बार अंसल के लोग बिजली मंत्री से मुलाकात कर चुके हैं, जिसमें कोई समाधान नहीं हो पाया है।
प्रदर्शनकारियों ने बिजली के नए कनेक्शन देने के बदले रुपये मांगने को सरासर धोखा बताया। लोगों ने कहा कि सभी अंसल वासी बिजली कनेक्शन की राशि अंसल के माध्यम से बिजली निगम को पहले ही दे चुके हैं। ईडीसी और आईडीसी के नाम पर अंसल कंपनी से सरकार लगभग 144 करोड़ रुपये ले चुकी है। इसके बदले अंसलवासियों को बिजली पानी की सुविधा और अन्य सुविधाएं दी जानी थीं, लेकिन इसे मोटी राशि की तरफ किसी का कोई ध्यान नहीं है और न ही बात कर रहा है। इसलिए अंसल वासियों से बिजली के हर कनेक्शन के लगभग डेढ़ लाख रुपये लेना चाहती है। लोगों में सांसद और विधायक के खिलाफ भी रोष देखने को मिला। लोगों ने कहा कि अगर दो तीन दिन में उनकी मुलाकात मुख्यमंत्री से नहीं हुई तो उनके आवास पर धरना दिया जाएगा। इस दौरान धरने पर कुलदीप कादियान, अमित वर्मा, हरीश अरोरा, जितेंद्र, सुरेंद्र राणा, जगवीर राणा और सुरभि शर्मा ने अपने विचार रखे।