पानीपत। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने यूजी व पीजी कक्षाओं में दाखिले का विद्यार्थियों को एक ओर मौका दिया है। विद्यार्थी अब कॉलेजों में यूजी द्वितीय और तृतीय वर्ष तथा पीजी द्वितीय वर्ष के लिए 27 सितंबर तक आवेदन व दाखिला ले सकेंगे। वहीं, यूजी प्रथम वर्ष में नए रजिस्ट्रेशन के लिए 22 से 24 सितंबर तक पोर्टल ओपन किया है। विद्यार्थी 25 सितंबर तक ओपन काउंसलिंग में भाग लेकर दाखिला ले सकेंगे।
उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने यूजी द्वितीय व तृतीय और पीजी द्वितीय वर्ष की कक्षाओं में दाखिले के लिए 12 सितंबर तक का आवेदन का समय दिया था, जबकि पहले दाखिले की अंतिम तिथि 31 अगस्त थी। लेकिन विभाग ने एक ओर मौका देकर उक्त कक्षाओं के लिए 22 से 27 सितंबर तक पोर्टल खोला है। उच्चतर शिक्षा विभाग के इस फैसले से विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है।
वहीं, कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष के लिए ओपन काउंसलिंग के तहत दाखिला प्रक्रिया 5 सितंबर को संपन्न होने के बाद विभाग ने विद्यार्थियों को आवेदन व दाखिले का एक ओर मौका दिया है। यूजी प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए एक बार फिर 22 सितंबर से 24 सितंबर तक पोर्टल खोल दिया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थी 22 से 25 सितंबर तक ओपन काउंसलिंग में भाग लेकर दाखिला ले सकेंगे। विभाग ने यह निर्णय कुछ कॉलेजों की मांग के मद्देनजर लिया है।
जिले के कॉलेजों में अभी स्नातक की पांच से दस प्रतिशत सीटें खाली हैं। सबसे ज्यादा खाली सीटें गांवों व कस्बों के महाविद्यालयों में हैं। ऐसे में कॉलेजों के अनुरोध पर विद्यार्थियों को विभाग ने दाखिले का एक मौका और दिया है। विभाग द्वारा पोर्टल खोले जाने पर कॉलेजों ने भी राहत की सांस ली है। दाखिले के लिए पोर्टल खुलने से रिक्त सीटें भरने की उम्मीद है।