पानीपत। लंबित मांगों के पूरा न होने से खफा बिजली कर्मचारियों ने सोमवार को ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर्स यूनियन के बैनर तले एकजुट होकर सनौली रोड सब डिवीजन एसडीओ के खिलाफ उनके कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के प्रदर्शन के चलते कार्यालय में भी कुछ समय तक कामकाज प्रभावित रहा। ऐसे में काम को लेकर आने वाले उपभोक्ताओं को भी परेशानी हुई।
सब यूनिट प्रधान जितेंद्र वर्मा ने बताया कि एसडीओ सनौली रोड को उनकी तरफ से कर्मचारियों की मांगों को लेकर बार बार एजेंडा सौंपने के साथ मौखिक तौर पर भी मिलकर पूरा करने की मांग कर चुके हैं लेकिन अधिकारी द्वारा कर्मचारियों की बार बार झूठे आश्वासन देकर गुमराह किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में रोष पनप रहा है। ऐसे में उन्होंने अधिकारी के खिलाफ कार्यालय पर प्रदर्शन करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती है। तब तक ऐसे ही संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर लड़ते रहेंगे। इस मौके पर यूनियन के राज्य उप प्रधान जितेंद्र सैनी, दलेल शर्मा, मेहर सिंह, वीरेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।