पानीपत।वार्ड नंबर 23 की पांच कॉलोनियों में निगम की ओर से लगाई गई ज्यादातर लाइटें खराब पड़ी हैं। रात को अंधेरा होने की वजह से यहां हादसों के साथ अपराधिक घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। जिससे स्थानीय लोगों में दहशत बनने लगी है। इसे लेकर कई बार निगम अधिकारियों को लाइटें ठीक कराने की गुहार भी लगाई गई लेकिन अब तक समस्या का हल नहीं हो पाया है।
इस समय वार्ड की आदर्श नगर, भाटिया कॉलोनी, हरिबाग कॉलोनी, पूरे वाल कॉलोनी समेत अंधेरे में पुराना औद्योगिक क्षेत्र रात के समय अंधेरे की गिरफ्त में आ जाता है। यहां पर 90 प्रतिशत लाइटें बंद पड़ी हैं। जिससे पांचों कॉलोनियों में करीब 29 हजार की आबादी को आवागमन में परेशानी होने के साथ लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं का भी डर सताने लगा है।
निवर्तमान पार्षद अश्वनी ढींगरा बताया कि रात के समय लाइटें बंद रहने की वजह से चोर काफी सक्रिय हो चुके हैं। आए दिन कोई न कोई चोरी होने की वारदात सामने आ ही जाती है। कई बार रात के अंधेरे में हादसे हो जाते हैं जिनमें गिरकर लोग चोटिल हो जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड में लाइटों की समस्या लगातार बनी हुई है। कई बार निगम अधिकारियों को इस बारे में अवगत कराया जा चुका है लेकिन इसका उन पर कोई असर नहीं है।
वर्जन-
इस बारे में निगम एक्सईएन गोपाल कलावत का कहना है कि शहर की सभी खराब लाइटों के लिए निगम प्रयासरत है। पहले एजेंसी काम करती थी। फिर निगम ने खुद के कर्मचारी लगाए। खराब लाइटों के सामान का अलग से टेंडर लगाकर सामान भी मंगवाया। इसमें से कुछ सामान आ चुका है तो कुछ बाकी है। अब फिर से निगम खराब लाइटों का सामान उपलब्ध करवाने के लिए एजेंसी को हायर करने का टेंडर लगाया जा रहा है। इसके बाद शहरवासियों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल कराया जाएगा।