मतलौडा/थर्मल। रामभक्तों ने रविवार को मतलौडा खंड के छह गांवों में 25 किलोमीटर लंबी यात्रा निकाली। जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए। यात्रा का जगह-जगह फूलों की वर्षा के साथ स्वागत किया। यह यात्रा थर्मल के नजदीक स्थित ऊंटला गांव के मंदिर से शुरू हुई और मतलौडा मंडल के छह गावों में अक्षत कलश पहुंचाए गए। यात्रा का देर शाम को वैसर गांव में समापन किया गया।
मतलौडा खंड के खंड कार्यवाह रविंद्र कुमार, बाबा बालक नाथ मंदिर के महंत बाबा देवी नाथ व जसमेर ऊंटला ने मतलौडा मंडल कलश यात्रा के संयोजक कप्तान खर्ब को अक्षत कलश सौंपे। डीजे की धुन पर श्रीराम चंद्र के भजनों के साथ झूमते हुए भगवा झंडा हाथों में थामे सैकड़ों रामभक्तों ने विश्व हिंदू परिषद के बैनर के साथ लगभग 25 किलोमीटर की अक्षत कलश यात्रा निकाली। राम भक्तों की टोली में सैकड़ों मोटरसाइकिल व गाड़ियों का काफिला शामिल रहा। गांव भालसी में कार्यक्रम के संयोजक सुनील पांचाल व ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा के साथ रामभक्तों का स्वागत किया और मंदिर में कलश स्थापित किया।
मतलौडा स्थित हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना के साथ अक्षत कलश स्थापित किया। मतलौडा में कार्यक्रम के संयोजक अजीत दहिया व सह संयोजक पंडित विक्रम शास्त्री ने राम भक्तों का पुष्प माला के साथ स्वागत किया। अहमदपुर माजरा गांव में संयोजक रविंद्र व सह संयोजक राकेश को अक्षत कलश सौंपे गए। जोशी गांव में संयोजक कुलदीप नवल व सह संयोजक हरिओम पेंटर को अक्षत कलश सौंपे गए। नारा गांच में संयोजक तेजबीर खर्ब व सह संयोजक विरेंद्र खर्ब तथा गांव नया नारा में संयोजक राज सिंह खर्ब व सह संयोजक राममेहर खर्ब को अक्षत कलश सौंपे गए। वैसर गांव में संयोजक हरपाल नरवाल व सह संयोजक उमेश शर्मा ने पूजा अर्चना के साथ अक्षत कलश लिए।
हर घर में 22 जनवरी को मनेगी दिवाली
मतलौडा मंडल अक्षत कलश यात्रा के संयोजक कप्तान खर्ब ने बताया कि सैंकड़ों साल के संघर्ष, तपस्या और बलिदान के बाद अयोध्या में भव्य मंदिर में रामलला सरकार विराजमान होने जा रहे हैं। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए अयोध्या से अमृत अक्षत कलश गांव-गांव भेजे जा रहे हैं। लोगों को घर-घर पीले चावल से निमंत्रण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को हर घर में घी के दीये जलाकर दिवाली मनाई जाएगी।